मेट्रो, बैंक, स्कूल और ऑफिस...ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली में क्या-क्या रहेगा बंद? 11 से 13 सितंबर तक रखें इन बातों का ध्यान
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स समिट का आयोजन होने जा रहा है. इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. 11 से 13 सितंबर के बीच कई सड़कों पर ट्रैफिक को कंट्रोल किया जाएगा, कुछ रास्तों पर गाड़ियों को डायवर्ट किया जाएगा और वीआईपी काफिले गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका भी जा सकता है.
ऐसे में अगर आप इन दिनों दिल्ली में कहीं आने-जाने वाले हैं, तो पहले से जान लें कि क्या बंद रहेगा और किन सेवाओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. ब्रिक्स समिट के चलते दिल्ली में बंद रहेंगे स्कूल ब्रिक्स समिट की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली में 11 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे.
शिक्षा निदेशालय के आदेश के मुताबिक, यह फैसला सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू है. यानी 11 सितंबर को बच्चों को स्कूल जाने की जरूरत नहीं है. उसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार-रविवार है तो इन दोनों दिन भी स्कूल बंद रहेंगे.
मेट्रो चलेगी, लेकिन म्यूजियम रहेगा बंद दिल्ली वालों के लिए राहत की बात यह है कि ब्रिक्स समिट के चलते पूरी दिल्ली मेट्रो बंद नहीं होगी. मेट्रो सेवा सामान्य रूप से चलती रहेगी. दिल्ली पुलिस ने भी लोगों को सड़क पर लगने वाले जाम और डायवर्जन से बचने के लिए इन दिनों मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है.
हालांकि, दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा. इसलिए इन तारीखों में अगर म्यूजियम घूमने का प्लान है तो उसे आगे के लिए टालना होगा. ये भी पढ़ें: कैसे हुई थी BRICS की शुरुआत ? समझिए भारत के लिए क्यों खास है 2026 का शिखर सम्मेलन राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान भी आम लोगों के लिए बंद 11 से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे.
राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है. इसके अलावा 12 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में होने वाला चेंज ऑफ गार्ड समारोह भी नहीं होगा. बाजार और मॉल बंद नहीं होंगे ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली के सभी बाजारों और मॉल को बंद करने का कोई सामान्य आदेश नहीं है.
यानी ऐसा नहीं है कि 11 से 13 सितंबर के बीच पूरी दिल्ली के बाजार बंद रहेंगे. कनॉट प्लेस बाजार भी इन तीन दिनों में खुला रहेगा. हालांकि, बाजार तक पहुंचने वाले रास्ते पर ट्रैफिक पाबंदी या डायवर्जन हो सकता है, इसलिए वहां पहुंचने में लोगों को परेशानी हो सकती है.
35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित ब्रिक्स समिट के दौरान सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर देखने को मिलेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 11 से 13 सितंबर के लिए खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है और 22 जगह डायवर्जन की व्यवस्था की गई है.
विदेशी मेहमानों के काफिले जिन रास्तों से गुजरेंगे, वहां उनकी आवाजाही के दौरान आम ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका या नियंत्रित किया जा सकता है. इसलिए अगर आपको नई दिल्ली, मध्य दिल्ली या भारत मंडपम की तरफ जाना है, तो घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जरूर देख लें.
हो सकता है रोज वाला रास्ता इन दिनों आपके लिए सबसे आसान न हो. रेलवे से सफर करने वालों को भी रखना होगा ध्यान ब्रिक्स समिट का असर रेलवे पर भी पड़ सकता है. 11 से 13 सितंबर के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलने वाली कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है.
कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, कुछ का रास्ता बदला गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है. इसलिए अगर इन तारीखों में आपकी ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से है, तो स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर चेक कर लें.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026 : आज से अगले तीन दिन दिल्ली पर रहेगी दुनिया की नजर, जानिए 11, 12 और 13 सितंबर को क्या-क्या होगा ?.