रामपुरा नगर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, हर हर महादेव गुरुदेव की तपोस्थली दत्तात्रेय मंदिर में होंगे भंडारे सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
रामपुरा नगर में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 29 जुलाई बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। नगर के आध्यात्मिक गुरु एवं क्षेत्रवासियों की आराध्य विभूति पंडित बालमुकुंद जी उपाध्याय "हर-हर महादेव गुरुदेव" की तपोस्थली दत्तात्रेय मंदिर (दत्त अखाड़ा), बड़ा तालाब परिसर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रातःकाल से ही गुरु भक्त मित्र मंडल के तत्वावधान में सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन होगा। इसके पश्चात पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए गुरुदर्शन एवं गुरुदेव के आशीर्वाद प्राप्त करने का क्रम जारी रहेगा।
शाम से दत्त अखाड़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे एवं गुरु प्रसादी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
शाम के समय गुरु भक्त मित्र मंडल द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु गुरु भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेंगे।
आयोजकों ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने और धर्म लाभ लेने की अपील की है।