हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में होंगे व्यापक आयोजन
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग और बलिदान से जनसामान्य को परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं गतिविधियों के संबंध में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, क्लबों तथा गणमान्य नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सुझाव लिए गए। बैठक में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मैराथन, साइक्लोथॉन, तिरंगा बाइक रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा सजावट, तिरंगा प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी एवं देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की गई। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी के साथ गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ा गया है। अभियान अवधि में आयोजित प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का फहराना एवं प्रदर्शन शामिल रहेगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभाजन के दौरान विस्थापन एवं अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभा सहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने तथा नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव,अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश,तीनों अनुविभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जोक, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आरोग्य भारती,अग्रवाल समाज,बोहरा समाज, खंडेलवाल वैश्य समाज, रोटरी क्लब,इनरव्हील क्लब, नीमच जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन,फुटकर किराना व्यापारी संघ,संकल्प पर्यावरण संस्था,स्वच्छता विकास कृति संस्था सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।