प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वडोदरा से धार जिले के टांडा रोड स्टेशन के बीच ट्रेन सेवा का किया शुभारंभ | मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव का माना आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का मध्यप्रदेश के धार स्थित टांडा रोड स्टेशन से वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पर मालगाड़ियों की सौगात देने पर आभार व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मंगलवार को वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम में धार रोड स्टेशन से वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा एवं डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पर चार मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इसके साथ ही वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि इससे यात्री एवं माल परिवहन क्षमता बढ़ेगी, रेल मार्ग पर भीड़ और अन्य बाधाएं कम होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच माल परिवहन संपर्क अधिक सुदृढ़ होगा। यह रेल कनेक्टिविटी उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति देने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में जनता के लिए सुविधाएं बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।