सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” के तहत सोमवार को जिले के 20 अमृत सरोवरों पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में जल स्रोतों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान विसर्जन के बाद अमृत सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों में एकत्रित पूजन सामग्री , पॉलीथिन एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर स्वच्छता कार्य किया गया। संबंधित ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। इस अवसर पर ग्रामीणजनों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा अमृत सरोवरों में कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। अमृत सरोवरों की स्वच्छता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया गया।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

