मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 17 नवंबर 2026 को नीमच जिले के प्रस्तावित दौरे एवं मनासा कृषि उपज मंडी में आयोजित होने वाली आमसभा तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने मनासा कृषि उपज मंडी स्थित आमसभा स्थल पर मंच निर्माण, ग्रीन रूम, हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों, महिला एवं पुरुष नागरिकों तथा मीडिया के लिए पृथक-पृथक सेक्टर, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें। आमसभा में आने वाले नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात विधायक एवं कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनासा एवं ताल वाला खेत क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों की पार्किंग एवं आवागमन व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने भी आमसभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों एवं विशिष्ट अतिथियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, नीमच एसडीएम श्री पराग जैन, जावद एसडीएम श्री संजीव साहू, मनासा एसडीएम श्रीमती मयूरी जोक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

