Ad Ad
Ad Ad

नीमच में जिला स्तरीय जन कल्याण शिविर सम्पन्न,प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 04 Oct 2026, 09:24 AM
शेयर करें ➦
W f X
नीमच में जिला स्तरीय जन कल्याण शिविर सम्पन्न,प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को नगरपालिका कार्यालय परिसर, नीमच में जिला स्तरीय जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्राप्त किए गए तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जन कल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं शिविर में प्रस्तुत करें, ताकि उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विधायक श्री परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न एवं पात्रता पर्ची, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन तथा आयुष्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा दीनदयाल रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने नीमच शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेवर ब्लॉक सहित विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से गांधीसागर का पानी घर-घर पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे पेयजल के साथ सिंचाई के क्षेत्र में भी लाभ मिलेगा। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार होगा निराकरण जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 3 एवं 4 अक्टूबर को नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जनपद क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा और पात्र हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाएगा। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड , समग्र पोर्टल, राजस्व, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, जल प्रदाय, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों और बैंकिंग सेवाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के 12 प्रमाण-पत्र, पेंशन योजना के 5 प्रमाण-पत्र तथा सोलर पैनल से संबंधित एक प्रमाण-पत्र हितग्राही को वितरित किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला परियोजना अधिकारी श्री चंद्रसिंह धार्वे ने स्वागत भाषण दिया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती रजना करणसिंह परमाल, एसडीएम श्री पराग जैन, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X