Ad Ad
Ad Ad

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रतनगढ़ में समाधान शिविर संपन्न

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 16 Oct 2026, 01:03 PM
शेयर करें ➦
W f X
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रतनगढ़ में समाधान शिविर संपन्न

नशामुक्त मध्य प्रदेश बनाने की दिलाई गई शपथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जावद विकासखंड की रतनगढ़ तहसील में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन एवं प्रशासन को आमजन के निकट लाने की महत्वपूर्ण पहल है। शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का सात दिवस में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही, आगामी शिविर में पूर्व में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करने की बात कही। ग्रामीण विकास एवं रोजगार पर विशेष जोर विधायक श्री सखलेचा ने ड्रोन सर्वे से संबंधित आवेदनों का निराकरण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। सीमांकन, पेंशन, फसल बीमा सहित विभिन्न समस्याओं के आवेदन प्राप्त समाधान शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क संबंधी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक एवं अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत दो प्रमाण-पत्र तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री निष्पादन से संबंधित दो प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उद्यानिकी एवं बागवानी योजना के तहत एक हितग्राही को मिनी ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए न्यूट्री बास्केट वितरित की गईं। नशामुक्त मध्य प्रदेश बनाने की दिलाई शपथ कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने उपस्थित जनों को नशामुक्त मध्य प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे से दूर रहने, समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में जनसमस्याओं के निराकरण के साथ सामाजिक जागरूकता को भी महत्व दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुगना बाई गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री श्रुति भयड़िया, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X