जिले में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम शासकीय सी.एम. राइज स्कूल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मुकेश मोरिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खुले में खेलने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखने से बच्चों में कृमि संक्रमण की समस्या हो सकती है। इससे पेट दर्द, भूख न लगना, पढ़ाई में मन नहीं लगना, जल्दी थकान तथा शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने तथा कृमिनाशक दवा का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। सांख्यिकी अधिकारी , शिक्षा विभाग श्री अक्षय सिंह बावल ने कहा कि स्वस्थ तन और मन के लिए कृमिमुक्त रहना आवश्यक है। कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेन्डाजोल की गोली का सेवन बच्चों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास में सहायक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही आगे चलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में सी.एम. राइज स्कूल के प्राचार्य श्री महेशचंद्र शर्मा एवं डी.सी.एम. श्री चन्द्रपाल सिंह राठौर ने भी बच्चों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों को अतिथियों द्वारा एल्बेन्डाजोल की गोली अपने समक्ष खिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल शर्मा ने किया तथा उप प्राचार्य श्री विशाल सोनी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुपरवाइजर श्री शराफत खान, श्री महेश यति , श्री देवीलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस के तहत जिले में लगभग 3 लाख बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया था। जिले के स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों में किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

