सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नीमच शहरी एवं मनासा परियोजना क्षेत्र के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों एवं पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी गई। हितग्राहियों को योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। ‘मेरी कहानी, मेरी सफलता’ के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने अन्य पात्र हितग्राहियों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता बताई। आंगन मिलन कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास, पोषण आहार के महत्व तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर संचालित गतिविधियों के संबंध में जागरूक किया गया। नीमच शहरी परियोजना के 33 आंगनवाड़ी केंद्रों सहित मनासा परियोजना के नयागांव, रामपुर, हाड़ी पिपल्या, मनासा वार्ड क्रमांक-2, पचधरे एवं धोरा-पिपल्या सहित विभिन्न केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, हितग्राही, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

