शासन के निर्देशानुसार नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके गांव और वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार का आयोजन किया जा रहा है। नीमच जिले में 3 अक्टूबर को सभी विकासखंडों में तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों का समय प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। शिविरों में पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं पंजीयन कर उन्हें शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का मौके पर ही लाभ दिलाया जाएगा। पहले से लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों की जानकारी संकलित करने के साथ शेष पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप लाभान्वित किया जाएगा। शिविरों में विभागीय स्टॉल, तीन पृथक पंजीयन स्टॉल तथा आवश्यक बैठक, पेयजल, विद्युत, कंप्यूटर एवं इंटरनेट की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना अनिवार्य किया गया है। शिविरों में राजस्व विभाग नोडल भूमिका निभाते हुए विभिन्न विभागों के समन्वय से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएगा। शिविर में प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं लंबित आवेदनों तथा वितरित हितलाभों की जानकारी प्रतिदिन शाम 6 बजे तक पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इन सेवाओं और योजनाओं का मिलेगा लाभ: राजस्व संबंधी सेवाएं, किसान सम्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार पंजीयन, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, राशन संबंधी सेवाएं, किसान क्रेडिट कार्ड, जनधन एवं बीमा योजनाएं, ई-श्रम पंजीयन, पीएम विश्वकर्मा, लाड़ली लक्ष्मी, मातृ वंदना, पेंशन, छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को सहायता दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जोड़ना तथा उनका लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

