ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों तथा कार्यालयों के बीच आयोजित एथलेटिक प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 सितंबर तक किया गया।प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर, 1वीं, 7वीं, 41वीं, 123वीं एवं 148वीं बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर, 5000 मीटर, 1500 मीटर दौड़ एवं रिले रेस सहित विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाएं आयोजित की गईं।प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में शारीरिक स्फूर्ति, सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता तथा टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी फिटनेस एवं खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।समापन समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के उप महानिरीक्षक श्री सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में संयुक्त अस्पताल नीमच के उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) डॉ. अब्दुल नज़र ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 148वीं बटालियन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान, जबकि 1वीं बटालियन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर डॉ. अब्दुल नज़र ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जवानों की शारीरिक क्षमता, तत्परता और टीम भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।समापन समारोह में डॉ. केनजोम नगोमदिर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. संसृति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, श्री कबीर सरीन एवं श्री शैलेन्द्र थोरेचा, उप कमांडेंट, श्रीमती तिलोतमा एन.,उप कमांडेंट (मंत्रालय), श्री सुभाष यादव, श्री दुष्यंत गोस्वामी, श्रीमती सीमा सिंह, श्री हरजीत सिंह एवं श्री खेमराज आर्से, सहायक कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)


