Logo
Ad Ad
Logo
Ad Ad
होम राष्ट्रीय मध्यप्रदेश राजस्थान नीमच मंडी-भाव

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिलेभर में स्वास्थ्य जागरूकता और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 23 Sep 2026, 12:31 PM
शेयर करें ➦
W f X

11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद”के अवसर पर आयुष विभाग, नीमच द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय आयुर्वेद औषधालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में 929 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। आयुष विंग पंचकर्म थेरेपी सेंटर में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में 154 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आमजन को आवश्यक चिकित्सा परामर्श के साथ निःशुल्क आयुष औषधियां प्रदान की गईं। इसी क्रम में विभिन्न शासकीय आयुर्वेद औषधालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों द्वारा अम्बा, नीमच सिटी, जमुनिया कला, चचोर, सावन, हरवार, दारू, अलोरी गरवाड़ा, कुंडला, धामनिया, कदवासा, बामोरा, आंत्रीबुजुर्ग, जावी, बगाना, चिताखेड़ा, मनासा, नलवा एवं थडोद सहित विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में लोगों को दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, आहार-विहार, योग एवं प्राणायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, जोड़ों के रोग, श्वास-कास, त्वचा रोग, उदर संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न जीवनशैलीजन्य एवं मौसमी रोगों की रोकथाम के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कई शिविरों में बीपी, शुगर एवं वजन की जांच भी की गई। विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आयुर्वेद एवं पोषण का संदेश जिले के विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में भी आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को आयुर्वेद की उपयोगिता, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय, संतुलित आहार तथा योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। जमुनिया कला में आयोजित कार्यक्रम में हल्दी, अदरक, जीरा, धनिया, सौंफ, अजवाइन, आंवला, मूंग, तिल एवं गुड़ जैसे खाद्य पदार्थों एवं मसालों की आहार प्रदर्शनी लगाकर उनके आयुर्वेदिक गुण एवं स्वास्थ्य में उपयोगिता समझाई गई। वहीं बगाना क्षेत्र के ग्राम तेलनखेड़ी में विद्यार्थियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों को आयुर्वेद दिवस की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण जागरूकता शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय जनकपुर द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों तथा बच्चों के अभिभावकों को प्रोटीन एवं फाइबर युक्त संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 42 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य आयुर्वेद की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
🏠होम 📍MP
📰ई-पेपर
📍RJ मेनू
शेयर करें ➦
W f X