सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 23 सितंबर को टाउन हॉल, दशहरा मैदान नीमच में समन्वित कृषि विकास कार्यशाला-सह-सेमिनार आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता एवं कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक तकनीकों, शासकीय योजनाओं तथा उत्पादन एवं आय बढ़ाने के अवसरों की जानकारी देंगे। कार्यशाला में विभिन्न किसान सहभागिता निभाएंगे। कार्यशाला में रबी फसलों में संतुलित पोषण एवं कीट-व्याधि प्रबंधन, मिलेट फसलों की उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन एवं ब्रांडिंग तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में फसल प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। ई-विकास प्रणाली के तहत उर्वरक वितरण की प्रक्रिया से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा। उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले में उद्यानिकी फसलों की संभावनाओं, क्षेत्र विस्तार तथा मूल्य संवर्धन एवं ब्रांडिंग पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशु रोग, टीकाकरण, पशु पोषण एवं नस्ल सुधार तथा मत्स्य विभाग द्वारा जिले में मत्स्य पालन की संभावनाओं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सहकारिता विभाग द्वारा फसल ऋण मान एवं ऋण वितरण तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग एवं विस्तार की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में प्रगतिशील किसानों के अनुभव एवं सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी। साथ ही चयनित किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्राप्त लाभ की जानकारी साझा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय योजनाओं एवं कृषि तकनीकों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे किसानों का पंजीयन एवं आगमन होगा। दोपहर 12:10 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यशाला का शुभारंभ होगा। दोपहर 1 बजे प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा 1:15 बजे हितलाभ वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से विभिन्न विभागों के तकनीकी सत्र होंगे। इसके बाद किसानों के साथ संवाद होगा और शाम 3:55 बजे आभार प्रदर्शन के साथ कार्यशाला का समापन होगा।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)


