मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास योजना विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है। योजना का लाभ लेकर मनासा तहसील के ग्राम शेषपुर निवासी हरीश मालवीय ने गत वर्ष 93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। हरीश वर्तमान में शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर छात्रावास में निवासरत हैं। उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहने से विद्यालय आने-जाने की परेशानी दूर हुई और समय की बचत होने लगी। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय मिला। छात्रावास में नियमित भोजन के साथ अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, खेलकूद और अन्य गतिविधियों की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि छात्रावास की सुविधाओं ने उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद की। मेहनत और लगन से अध्ययन कर उन्होंने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। हरीश ने छात्रावास योजना को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि यहां मिली सुविधाओं से उन्हें अपनी शिक्षा जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। वे आगे भी पूरी मेहनत से पढ़ाई कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)
