बाल श्रम एवं बंधक श्रम की रोकथाम तथा जिले में श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से 15 सितंबर 2026 को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं जिला स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समिति के सदस्यों ने अवगत कराया कि उनके द्वारा नीमच जिले के भ्रमण के दौरान वर्तमान में कोई बंधक श्रमिक नहीं मिला है। साथ ही, जिले में बाल श्रम की स्थिति में भी पूर्व की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने समिति के सदस्यों को बाल एवं बंधक श्रम के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता अभियान संचालित करने तथा इनके दुष्प्रभावों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एवं बंधक श्रम जैसी प्रथाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सतत रूप से कार्य करें तथा शासन के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत नीमच के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। श्रम पदाधिकारी श्री बी.एल.राठौर द्वारा पूर्व में बाल श्रम के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी बैठक में साझा की गई।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)
