कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना जिले के छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना से लाभान्वित ग्राम धनेरिया, विकासखंड नीमच निवासी श्री रोशन अजमेरा ने ऑयल मिल स्थापित कर अपने व्यवसाय को नई दिशा दी है। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। श्री रोशन अजमेरा कृषि एवं डेयरी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। उद्यानिकी विभाग से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय को विस्तार देने के लिए ऑयल मिल स्थापित करने का निर्णय लिया। योजना के अंतर्गत उन्हें 22 लाख 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ तथा 8 लाख 83 हजार 937 रुपये का अनुदान मिला। योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता के माध्यम से उन्होंने ऑयल मिल का कार्य प्रारंभ किया। ऑयल मिल शुरू होने से श्री अजमेरा को अपने व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर मिला। इसके परिणामस्वरूप उनकी आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया। वे बताते हैं कि पहले उनकी वार्षिक आय लगभग 80 हजार से 1 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 2 से 3 लाख रुपये हो गई है। आय में हुई इस वृद्धि से श्री अजमेरा अपने परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं। बच्चों की शिक्षा एवं अन्य घरेलू खर्चों को पूरा करने में भी उन्हें पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिली है। बढ़ती आय ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया है और वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। श्री अजमेरा बताते हैं कि पीएमएफएमई योजना से मिली आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन ने उनके व्यवसाय को नई दिशा दी है। योजना के सहयोग से उन्हें अपना उद्यम शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिला। आज वे अपने कार्य को विस्तार देते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। श्री रोशन अजमेरा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से छोटे उद्यमियों और जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।पीएमएफएमई योजना ने उनके जैसे छोटे उद्यमियों के लिए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की राह आसान की है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

