सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन सेवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना के 98 आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, शिक्षा एवं सम्मान के केंद्र के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्री संजय मसानिया ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, छोटे बच्चों तथा कुपोषित बच्चों के लिए संतुलित एवं विविधतापूर्ण पोषण आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्याप्त प्रोटीनयुक्त आहार तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान भी किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण , स्वच्छ भारत अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव ने महिलाओं एवं बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 के उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर की प्रशासक श्रीमती चंदा साल्वी, केसवर्कर सुश्री पूजा मिश्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, बालिकाएं, महिलाएं तथा अन्य उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

