प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रारंभ किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का जिले में उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के शुभारंभ अवसर पर नीमच के किलेश्वर महादेव मंदिर में 50 हजार से अधिक ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और वातावरण में सेवा, सहभागिता एवं कृतज्ञता का भाव दिखाई दिया। अभियान के अंतर्गत नीमच जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए। इसके साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने घरों एवं उद्यमों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके प्रति आभार एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम ने जनभागीदारी को एक व्यापक स्वरूप दिया। विभिन्न वर्गों के नागरिकों, लाभार्थियों और स्थानीय समुदायों ने इसमें सहभागी बनकर सेवा एवं जनकल्याण की भावना को अभिव्यक्त किया। जिलेभर में दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा को संकल्प और जनभागीदारी को अभियान की शक्ति बनाने का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में स्वास्थ्य, जनकल्याण, स्वच्छता, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में माहभर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं सहभागिता के भाव से जोड़ना है। किलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, प्रमुख सचिव खनिज संसाधन विभाग श्री विवेक पोरवाल, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,अपर कलेक्टर श्री बी एस कलेश सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

