Ad Ad
Ad Ad

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 30 Sep 2026, 12:13 PM
शेयर करें ➦
W f X
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक सभी जिलों में अच्छा कार्य हुआ है। आगामी गतिविधियों में भी जनभागीदारी और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 3 अक्टूबर को ग्रामीण तथा 4 अक्टूबर को शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएं। शिविरों के लिए पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करें। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करते हुए उनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाए। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति यात्रा प्रारंभ होगी , जिसका जिला मुख्यालय पर समापन किया जाएगा। समापन स्थल पर सभा आयोजित करने तथा सेवा ज्योति को जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थान पर स्थापित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। यात्रा में हितग्राहियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। जिला स्तरीय कार्यक्रम को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे तथा इस अवसर पर विकसित भारत की शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के फोटो, वीडियो एवं रील्स उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा की कहानियों में भी गुणवत्ता एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के निर्देश मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से पुनर्वास का लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की हर माह अनिवार्य बैठक आयोजित कर कार्यवाही का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। आदतन नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने को कहा। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संबंध में की जा रही तैयारियों की भी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बस डिपो और बस टर्मिनल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बस सेवा बस ऑपरेटर्स के सहयोग से संचालित की जाएगी तथा बसों में आधुनिक उपकरणों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। आमजन ऐप के माध्यम से बसों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला परिवहन सलाहकार समिति की नियमित बैठक आयोजित करने तथा स्थानीय बस ऑपरेटर्स एवं यात्रियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। बस सेवा से संबंधित पोर्टल के माध्यम से बस संचालन की जानकारी एवं व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, अन्य मंत्रीगण, मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नीमच की एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धारवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X