मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जावद विकासखंड के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने ग्राम उपरेड़ा में हितग्राही श्री प्रद्युम्न पाटीदार द्वारा स्थापित केचुआ खाद यूनिट एवं बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन किया। इस दौरान श्री पाटीदार ने अपने जैविक उद्यम की गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रिया और उससे होने वाली आय की जानकारी दी। हितग्राही श्री प्रद्युम्न पाटीदार ने बताया कि बायो रिसोर्स सेंटर में गोबर, गुड़, छाछ, बेसन एवं गोमूत्र आदि का मिश्रण तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया से तैयार किया जाता है। कुछ दिनों की प्रोसेसिंग के बाद इससे जीवामृत तैयार होता है, जिसे ड्रमों में संग्रहित कर बाजार में विक्रय किया जाता है। इसके बाद कलेक्टर ने केचुआ खाद यूनिट का अवलोकन किया। श्री पाटीदार ने बताया कि गोबर एवं नीम की खली से जैविक खाद तैयार की जाती है। इस प्रक्रिया में वर्मी वॉश भी प्राप्त होता है, जिसे बोतलों में भरकर बाजार में विक्रय किया जाता है। श्री पाटीदार ने बताया कि उनकी स्वयं की डेयरी भी है, जिसमें 25 गायें हैं। डेयरी से प्राप्त गोबर का उपयोग वर्मी कंपोस्ट तैयार करने में किया जाता है। इसके अलावा आसपास की अन्य डेयरियों से भी गोबर खरीदकर वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन किया जाता है। हितग्राही ने बताया कि उन्होंने इस यूनिट की शुरुआत वर्ष 2016 में की थी। यूनिट की स्थापना एवं विकास में लगभग 60 लाख रुपये का निवेश हुआ है। एमएसएमई विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उन्हें 25 लाख रुपये का ऋण तथा 8 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। वर्तमान में उनकी यूनिट से 11 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस उद्यम से उन्हें लगभग 20 से 25 लाख रुपये की वार्षिक शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने श्री पाटीदार द्वारा जैविक संसाधनों के उपयोग से विकसित किए गए उद्यम और रोजगार सृजन की सराहना की। उन्होंने यूनिट के विस्तार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत, उप संचालक पशुपालन श्री ए.आर. धाकड़, उप संचालक उद्यानिकी श्री पप्पू कनेल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

