मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शनिवार को जीरन तहसील के वार्ड क्रमांक 15 एवं वार्ड क्रमांक 1(ए), गांधी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्वच्छता के मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा बच्चों एवं महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी भी ली। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी श्री आरिफ अंसारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कंचन अहीरवाल, श्रीमती चंद्रबाला जैन तथा सहायिका श्रीमती मनीषा नायक उपस्थित रहीं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

