Logo
Ad Ad
Logo
Ad Ad
होम राष्ट्रीय मध्यप्रदेश राजस्थान नीमच मंडी-भाव

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव ने निर्माणाधीन गोल्ड कस्‍ट सीमेंट फैक्ट्री का किया निरीक्षण

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 18 Sep 2026, 11:41 AM
शेयर करें ➦
W f X

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव, खनिज संसाधन विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्री विवेक कुमार पोरवाल ने शुक्रवार को नीमच तहसील के ग्राम सगराना में निर्माणाधीन गोल्ड कस्‍ट सीमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। लगभग 115 हेक्टेयर क्षेत्र में 3,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रही इस परियोजना से 2 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने परियोजना की निर्माण प्रगति का अवलोकन किया तथा कंपनी प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता, अधोसंरचना और आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली। कंपनी प्रतिनिधियों ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि यह एक पूर्णतः इंटीग्रेटेड सीमेंट प्लांट है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 10 हजार टन क्लिंकर तथा 11 हजार टन सीमेंट उत्पादन की क्षमता प्रस्तावित है। परियोजना का संचालन आगामी मई माह से प्रारंभ किए जाने की योजना है। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि परियोजना में उत्पादन इकाइयों के साथ श्रमिकों के लिए आवासीय कॉलोनी, स्कूल, मार्केट सहित आवश्यक सुविधाओं का भी समेकित रूप से विकास किया जा रहा है। कंपनी का लक्षित बाजार मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान और गुजरात रहेगा। प्लांट में लाइमस्टोन क्रशर, रॉ मिल, बैगिंग सहित उत्पादन से संबंधित विभिन्न इकाइयों तथा विद्युत उत्पादन एवं उपयोग की व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन पर विशेष फोकस कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सीवेज एवं वेस्ट मैनेजमेंट की समुचित व्यवस्था विकसित की जा रही है। कुल आवंटित भूमि के लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र को ग्रीन एरिया के रूप में विकसित करने की योजना है। वर्षा जल संरक्षण के लिए चार रेन वाटर हार्वेस्टिंग पॉन्ड बनाए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 60 हजार घन मीटर होगी। हाईवे के किनारे पौधरोपण सहित अन्य हरित विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने पर्यावरणीय प्रबंधन और जल संरक्षण से जुड़े इन प्रावधानों की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि परियोजना में जल संरक्षण, हरित क्षेत्र विकास और पर्यावरणीय प्रबंधन के उपायों को अधिक प्रभावी एवं दीर्घकालिक स्वरूप दिया जाए। फ्लाई ऐश के अधिकतम उपयोग पर दिया जोर प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने फ्लाई ऐश के उपयोग की जानकारी लेते हुए इसके अधिकतम संभव उपयोग पर जोर दिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि समीपस्थ थर्मल पावर प्लांट से फ्लाई ऐश प्राप्त कर उसका उपयोग सीमेंट उत्पादन में किया जाएगा। श्री पोरवाल ने सुझाव दिया कि फ्लाई ऐश के उपयोग की संभावनाओं का अधिकतम लाभ लिया जाए तथा इसके वैज्ञानिक एवं उपयोगी निस्तारण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए जा सकते हैं, ताकि सीमेंट उद्योग में फ्लाई ऐश के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया जा सके। कनेक्टिविटी और अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा कंपनी प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण, माइनिंग ब्लॉक्स के लिए एमपीडीए के विस्तार,132 केवी ट्रांसमिशन लाइन तथा जावद रोड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से संबंधित विषयों में प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा रखी। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के साथ इन विषयों पर चर्चा की तथा परियोजना की आवश्यकताओं के अनुरूप एवं नियमानुसार समन्वय से कार्य करने का सुझाव दिया। कंपनी के एमडी श्री आर.एस. जोशी ने बताया कि कंपनी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भविष्य में परियोजना के विस्तार की संभावनाओं की जानकारी भी दी। प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने परियोजना की प्रगति की सराहना करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता, पर्यावरण संरक्षण,सुरक्षा मानकों का पालन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक निवेश से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और अन्य अवसर भी बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, फैक्ट्री के एमडी श्री आर.एस. जोशी, प्रोजेक्ट हेड श्री गिरधर जाटव, हेड इंडस्ट्रियल अफेयर्स श्री दिनेश पांडे सहित संबंधित अधिकारी एवं कंपनी के अधिकारी-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
🏠होम 📍MP
📰ई-पेपर
📍RJ मेनू
शेयर करें ➦
W f X