Ad Ad
Ad Ad

डीकेन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत समाधान शिविर संपन्न

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 21 Nov 2026, 12:33 PM
शेयर करें ➦
W f X
डीकेन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत समाधान शिविर संपन्न

एआई तकनीक से 10 मिनट में मिल रही स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट, व्हाट्सएप पर भी भेजी जा रही रिपोर्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जावद विकासखंड की नगर परिषद डीकेन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं रोजगार में तकनीक आधारित नवाचारों पर जोर विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं रोजगार के क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि एआई आधारित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो रही है। पूर्व में लगभग डेढ़ लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच में 25 हजार लोगों में बीमारी के शुरुआती लक्षण पाए गए तथा 518 गंभीर मरीजों को अहमदाबाद एवं इंदौर में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। अब दो लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच का नया चरण प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंफोसिस के सहयोग से 200 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें लगभग 75 प्रतिशत विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ है। जिले में विद्यार्थियों को एआई आधारित शिक्षा एवं डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जावद क्षेत्र में सात स्थानों पर रोबोटिक्स लैब स्थापित की जा रही हैं। इसी प्रकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के लिए 10 वेदर स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से मौसम, संभावित कीट एवं फसल संबंधी बीमारियों की पूर्व जानकारी मिल सकेगी। विधायक श्री सखलेचा ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविरों में प्राप्त आवेदनों में लगभग 75 से 80 प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों से शेष आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान में जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया। एआई तकनीक से 10 मिनट में स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट उपलब्ध जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत पिछले तीन माह से प्रत्येक शुक्रवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सेक्टर एवं नगरीय क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीकेन शिविर में एआई आधारित आधुनिक तकनीक से नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें ब्लड जांच , हीमोग्लोबिन, हाइट-वेट, बीएमआई, एचबीए1सी, टीएसएच एवं डायबिटीज सहित विभिन्न जांचें शामिल हैं। इस तकनीक से लगभग 10 मिनट में जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो जाती है तथा रिपोर्ट व्हाट्सएप पर भी भेजी जा रही है। एआई आधारित सॉफ्टवेयर संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी देने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने का मार्गदर्शन भी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि जावद क्षेत्र में अब तक लगभग 70 नागरिकों की इस तकनीक से स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इनमें करीब 15 से 20 लोगों को विस्तृत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। आगामी दो माह में पूरे जावद विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच का दायरा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। तीन दिवस में आवेदनों के निराकरण का प्रयास श्री वैष्णव ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव तीन दिवस में निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। जिन प्रकरणों में विस्तृत जांच अथवा अतिरिक्त कार्रवाई की आवश्यकता होगी, उनका सात से दस दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सीधे आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने निःशुल्क आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधा का लाभ लेने, नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शराब एवं अन्य नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। छात्राओं के साथ हुआ यशस्वी संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ यशस्वी संवाद आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यमिता एवं भविष्य में करियर निर्माण से जुड़े प्रश्न पूछे। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने तथा उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित समाधान शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत दो बालिकाओं को प्रमाण-पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त गंभीर तीव्र कुपोषण से पीड़ित बच्चों की माताओं को बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए न्यूट्री बास्केट प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री स्वर्ण पाटीदार, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे , मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री जमनालाल पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X