जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के तहत कलेक्टर न्यायालय नीमच ने अवैध मुरम परिवहन के एक प्रकरण में वाहन मालिक पर कुल 2 लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को खनिज विभाग की टीम ने ग्राम कनावटी में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक RJ09GE9696 को अवैध रूप से मुरम का परिवहन करते हुए पकड़ा था। जांच में वाहन में 16 घनमीटर मुरम भरी हुई पाई गई। वाहन चालक द्वारा प्रस्तुत रॉयल्टी एवं परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच में अनियमितता पाए जाने पर वाहन जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया था। खनिज विभाग के प्रतिवेदन के आधार पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के अध्याय-5 के नियम 19(1) के तहत कलेक्टर न्यायालय द्वारा प्रकरण में कार्रवाई की गई। न्यायालय ने वाहन मालिक शोभाराम पिता मांगीलाल गायरी, निवासी सुवाखेड़ा, तहसील जावद, जिला नीमच पर खनिज की रॉयल्टी की 15 गुना राशि के रूप में 12 हजार रुपये तथा 2 लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि सहित कुल 2 लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। कलेक्टर न्यायालय ने वाहन मालिक को निर्देशित किया है कि अधिरोपित जुर्माने की राशि 15 दिवस के भीतर चालान के माध्यम से शासकीय कोष में जमा कराई जाए। राशि जमा होने की पुष्टि के पश्चात जब्त वाहन को नियमानुसार मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं कराने पर भू-राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की जाएगी। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

