नीमच मंदसौर जिले को इंडिस्ट्रीयल पार्क की सौगात मिल रही है, यह क्षेत्र देश का बड़ा औद्योगिक हब बनेगा – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चीता परियोजना से नीमच मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है – मुख्यमंत्री नीमच की पम्पड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना से 1920 मेगावाट बिजली पैदा होगी, बिजली के मामले में प्रदेश बनेगा आत्मनिर्भर अल्प वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दिए राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत किसानों को हर संभव मदद करने के निर्देश चीता प्रोजेक्ट के चलते पर्यटन के नक्शे में अलग पहचान बना रहा है नीमच-मंदसौर क्षेत्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मनासा के मंडी प्रांगण में 272 करोड़ लागत के 111 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, मनासा में हुआ भव्य रोड शो नीमच जिले के मनासा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नीमच-मंदसौर जिले को इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात मिल रही है। इससे यह क्षेत्र देश के बड़े औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगा। चीता परियोजना के माध्यम से नीमच-मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में उभर रहा है। वहीं, 1920 मेगावाट क्षमता की ग्रीनको परियोजना से प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ेगा और मध्यप्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री ने अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6-4 के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को गोपाष्टमी के अवसर पर मनासा कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में 271.99 करोड़ रुपये लागत के 111 विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम से पूर्व मनासा में मुख्यमंत्री का भव्य रोड शो आयोजित हुआ। इस दौरान नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारिक संस्थाओं ने जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। रोड शो के मार्ग पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि गांव-गांव तक पक्की सड़कें, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी दिशा में नीमच जिले के मनासा, जावद, नीमच एवं मल्हारगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी जा रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ग्रामीण अधोसंरचना भी सुदृढ़ होगी। इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा लोक निर्माण विभाग (भवन) के 124.87 करोड़ रुपये लागत के 13 सड़क निर्माण एवं मजबूतीकरण कार्यों तथा नगर पालिका नीमच के 1.10 करोड़ रुपये लागत के चांदीपुरा एप्रोच से श्याम बुद्धिन दरगाह तक सीसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग (भवन) नीमच के 21.82 करोड़ रुपये लागत के 8 कार्यों में शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय जावद के ऑडिटोरियम में फर्नीचर, एसी, वॉल पैनल, ग्रीन हाउस, साउंड सिस्टम एवं विद्युत संबंधी कार्य, सब जेल जावद में जी+1 डुप्लेक्स ब्लॉक आवास गृह निर्माण, जिला नीमच में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक-3, श्री भादवामाता मंदिर में शेड एवं पार्किंग निर्माण, 70 दुकानों का निर्माण, सामनवती में नेताजी सुभाषचंद्र बोस 50 सीटर बालिका छात्रावास तथा भादवामाता मंदिर के शिखर निर्माण कार्य शामिल हैं। जल संसाधन विभाग की 9 करोड़ रुपये लागत की दो लघु सिंचाई परियोजनाओं तथा लोक निर्माण विभाग (सेतु) के 4.95 करोड़ रुपये लागत से मनासा में सीतामऊ रोड के किलोमीटर 32/4 के नाले पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 32.89 करोड़ रुपये लागत के 6 कार्यों में मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के अंतर्गत नवीन गौशाला निर्माण, विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष और प्रयोगशालाओं का निर्माण तथा नीमच जिले के नीमच, जावद एवं मनासा विधानसभा क्षेत्रों में 19 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शामिल है। मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 42.24 करोड़ रुपये लागत के 30 ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों तथा नगर परिषद मनासा के 5.71 करोड़ रुपये लागत के आरएलबी चौराहा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण (2.46 करोड़ रुपये) एवं स्विमिंग पूल निर्माण (3.25 करोड़ रुपये) कार्य का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। शिक्षा विभाग के 5.80 करोड़ रुपये लागत के 4 कार्यों में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरवानिया महाराज एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा में फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी प्रयोगशालाओं का निर्माण तथा मिशन पंचायत के कार्य शामिल हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग नीमच के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के अंतर्गत 17.04 करोड़ रुपये लागत से जिला चिकित्सालय नीमच में 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण कार्य तथा जनपद पंचायत मनासा के 6.57 करोड़ रुपये लागत के 43 कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, सीसी रोड, सीसी नाली, सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन, कम्युनिटी हॉल एवं डोम निर्माण के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा अमृत सरोवर 2.0 के अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडर ब्लॉक, बारबड़िया, मंजिरिया, चिकली ब्लॉक एवं फूलपुरा में 5 कार्य तथा कुन्दवासा, भदवा, भदवास-रतनपुरा, महागढ़, केजाड़ा एवं भाटखेड़ी बुजुर्ग में 6 आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य भी सम्मिलित हैं। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का किया स्वागत कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विभिन्न विकास कार्यों की लोकार्पण एवं भूमिपूजन पट्टिकाओं का अनावरण किया। सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, श्री दिलीप सिंह परिहार, श्री अनिरुद्ध माधव मारू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ एवं विशाल माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगों का मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। कार्यक्रम को श्री पवन पाटीदार, विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, श्री दिलीप सिंह परिहार, श्री अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, श्री विजेंद्र सिंह मालाहेड़ा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा,उप महा निरीक्षक श्री निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,नगरीय निकायों एवं पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में नगर एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

