कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 9 नवंबर की देर रात्रि नीमच बायपास हाईवे तथा जैतपुरा फंटे से नयागांव तक संचालित होटल-ढाबों की सघन जांच की गई। संयुक्त दल ने शराब पिलाने के उद्देश्य से बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराने वाले संदिग्ध 11 होटल-ढाबों पर दबिश देकर जांच की। इस दौरान भरभड़िया नाका के पास स्थित किंगफिशर ढाबे पर ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाने का मामला सामने आया। इस पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के अंतर्गत एक प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। साथ ही सभी होटल-ढाबा संचालकों को अपने परिसर में शराब न पिलाने की सख्त हिदायत दी गई। यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के निर्देशन में की गई। जांच दल में नीमच तहसीलदार श्री मृगेंद्र सिसोदिया, नीमच सिटी थाना प्रभारी श्री विजय सागरिया, आबकारी उपनिरीक्षक श्री संजय कुमार कवारे, श्री संजय राठौड़, श्री पंकज राठौड़, श्री दीपक आंजना, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री गोपाल शर्मा, आबकारी आरक्षक श्री विष्णु यादव, श्री विलास डगिया, श्री बलवंत भाटी, श्री महेश गेहलोत, सुश्री निशा राजपूत, सुश्री मधुमिता मालवीय एवं नीमच सिटी पुलिस थाना का स्टाफ शामिल रहा।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

