राज्य शासन के निर्देशानुसार बलराम कृषि महोत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम 5 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी, चंगेरा, नीमच में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता करते हुए किसानों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच एवं बैठक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिवहन एवं रूट चार्ट, विद्युत एवं फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस, पेयजल, स्वच्छता एवं शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। महोत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कृषि से संबंधित जानकारी देने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। किसानों एवं हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ चयनित लाभार्थियों को हितलाभ वितरण की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम में कन्या पूजन, रंगोली एवं दीप प्रज्वलन जैसी गतिविधियां भी होंगी। मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट कनेक्टिविटी,लाइव प्रसारण तथा तकनीकी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की समग्र व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री एन.एस. रावत को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बलराम कृषि महोत्सव किसानों, कृषि विभाग एवं शासन की योजनाओं के बीच प्रभावी संवाद और सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

