। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और प्रशासन तथा नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को नगर परिषद जीरन में शिविर आयोजित होगा। शिविर में नगर परिषद जीरन सहित ग्राम पंचायत अमावली जागीर, बमोरा, चीताखेड़ा, धामनिया, घसुण्डी जागीर, हरनावदा, कराड़िया महाराज, महुडिया, राबड़िया एवं सोनियाना के नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी नागरिकों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 3 अक्टूबर को नगर परिषद जीरन में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें और अभियान का लाभ उठाएं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

