सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत परियोजना मनासा द्वारा कन्या शाला हॉल, लक्ष्मीबाई मार्ग, मनासा में आंगनवाड़ी मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी तथा विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कुकड़ेश्वर श्रीमती उर्मिला पटवा रहीं। इस अवसर पर श्री दिनेश राठौर, श्री पंकज पोरवाल, श्री अजय तिवारी एवं श्रीमती तीन महेश्वरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। परियोजना अधिकारी श्रीमती किरण कामदार ने बताया कि कार्यक्रम में 165 महिलाओं ने सहभागिता की तथा पोषण प्रदर्शनी में 165 विभिन्न पौष्टिक रेसिपी प्रस्तुत कीं। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली। कार्यक्रम में आकर्षक फल रंगोली भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत तीन बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित महिलाओं एवं बालिकाओं ने योजनाओं से प्राप्त लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, पोषण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। महिलाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

