रतनगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर परिषद रतनगढ़ स्थित वार्ड क्रमांक 13 नीमच रोड स्थित श्री वीरेन्द्र कुमार सखलेचा भवन/डोम में आयोजित होने वाले बहुविभागीय शिविर की तैयारियों का निरीक्षण रूपसिंह राजपूत नायब तहसीलदार रतनगढ़ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमप्रकाश शर्मा ने मौका निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री राजपूत ने शिविर स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
इस शिविर में नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उज्ज्वला योजना, राजस्व विभाग एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के कैंप लगाए जाएंगे। शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विशेष अपील- आयोजन को सफल बनाने एवं आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने हेतु नगर परिषद अध्यक्ष श्री मति सुगना बाई-कचरुमल गुर्जर, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री मति किरण देवी-शिवनंदन छिपा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा, सभी सभापति पार्षदगण एवं वरिष्ठ पार्षदगण द्वारा नगर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि, वे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उठाएं। नागरिक अपनी समस्याओं के निराकरण, योजनाओं की जानकारी और पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने के लिए इस आयोजन में पधारकर जनकल्याण कारी योजनाओं का लाभ उठाएं और शिविर को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

