मध्यप्रदेश

एमपी में कांग्रेस-सपा की खटपट का 2024 लोकसभा चुनावों पर कितना असर? अखिलेश ने दिए संकेत

ऐप पर पढ़ें

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच की खटपट का असर फौरी तौर पर भले ही नहीं नजर आ रहा हो लेकिन दूरगामी परिणामों से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसके संकेत गुरुवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान से मिले। एमपी में एक भी सीट नहीं दिए जाने से नाराज अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के साथ भी यूपी में भी वैसा ही सलूक किया जा सकता है। जाहिर है यदि कांग्रेस खुद को एमपी में मजबूत समझ सपा को सीटें देने से परहेज कर रही है तो लोकसभा चुनावों में सेम रवैया सपा की ओर से भी अपनाया जा सकता है। 

सीतापुर में संवाददाताओं से बातचीत में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की कांग्रेस के रुख पर तल्खी साफ नजर आई। अखिलेश ने कहा कि यदि उन्हें पता होता कि ‘इंडिया’ गठबंधन बस राष्ट्रीय स्तर के लिए है तो सपा के नेता मध्य प्रदेश की बैठक में शामिल नहीं होते। हमारे नेताओं ने एमपी में गठबंधन को लेकर बैठक के लिए कांग्रेस का फोन नहीं उठाया होता। यदि INDIA गठबंधन केवल संसदीय चुनाव के लिए है तो कोई बात नहीं लेकिन जब 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए UP में सीटों के बंटवारे पर बातचीत होगी तो कांग्रेस के लिए मुश्किल जरूर होगी। 

ऐसे में जब लोकसभा चुनावों में कई महीने समय का समय शेष है सपा प्रमुख की इस टिप्पणी से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में दरार साफ नजर आने लगी है। सपा प्रमुख ने कहा- यदि उत्तर प्रदेश में गठबंधन केवल केंद्र के लिए होगा तो इस पर उस वक्त चर्चा की जाएगी। मौजूदा वक्त में सपा के साथ जो बर्ताव किया गया है उन्हें यहां भी वैसा ही बर्ताव दिखेगा। यदि पहले पता होता कि मध्य प्रदेश में विधानसभा स्तर पर कोई गठबंधन नहीं होगा तो सपा नेता बैठकों में नहीं जाते।  सपा एमपी में किन सीटों पर लड़ना चाहती है हमने उन्हें सूची नहीं दी होती, ना उनका फोन उठाते।

अखिलेश यादव ने माना कि कांग्रेस नेताओं के साथ सपा नेताओं की रात एक बजे तक बैठक चली थी। उनकी पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस को मध्य प्रदेश के पिछले चुनावों में सपा के प्रदर्शन से संबंधित ब्योरा सौंपा था। अखिलेश यादव ने यह भी खुलासा किया कि कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि वे मध्य प्रदेश में सपा को छह सीटें देने पर विचार कर रहे हैं लेकिन जब लिस्ट आई तो सपा को जीरो दिया गया था। यदि मुझे पता होता कि कांग्रेस के लोग धोखा देंगे तो मैं उनकी बात पर भरोसा नहीं करता।

Source link

Related Articles

Back to top button