भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नीमच द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से 7 दिसंबर 2026 से निःशुल्क कंप्यूटर टैली प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।संस्थान द्वारा प्रशिक्षण के लिए पंजीयन प्रारंभ कर दिए गए हैं। इस प्रशिक्षण का लाभ नीमच जिले के ग्रामीण अंचलों के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 38 दिवसीय रहेगा। प्रशिक्षणार्थियों के लिए संस्थान में आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों के स्वरोजगार हेतु ऋण आवेदन फॉर्म भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरवाए जाएंगे। साथ ही बैंकिंग संबंधी विभिन्न जानकारियां प्रदान कर बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में संपर्क कर पंजीयन करवा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 9111053516 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

