मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को सिंगोली तहसील के ग्राम ताल स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी मर्यादित, शहनातलाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण वितरण एवं वसूली सहित संस्था की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने फर्टिलाइजर गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा खाद का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संस्था द्वारा किसानों को वितरित किए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की स्थिति, ऋण वितरण एवं वसूली की समीक्षा की। उन्होंने दुग्ध एवं पशुपालन गतिविधियों से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे ऋण की जानकारी भी ली। साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के वितरण की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने एग्री स्टैक एवं ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किसानों को किए जा रहे खाद वितरण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सहकारी संस्था के कंप्यूटरीकरण की प्रगति का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं संस्था कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उर्वरकों का वितरण नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। खाद के स्टॉक का नियमित मिलान एवं उचित संधारण सुनिश्चित करें, ताकि उपलब्धता एवं वितरण का सही रिकॉर्ड संधारित रहे। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

