मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को जावद विकासखंड के सिंगोली स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय भवन में जारी फिनिशिंग कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया। कार्यों की गुणवत्ता में कमियां पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों में फिनिशिंग कार्यों में पाई गई कमियों को दूर कर सभी शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा विद्यालय भवन का हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यपालन यंत्री, पीआईयू को निर्देशित किया कि फिनिशिंग कार्यों में गुणवत्ता संबंधी लापरवाही के लिए संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार पेनल्टी अधिरोपित की जाए। साथ ही, कार्यों की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 12वीं में भूगोल एवं भौतिकी विषय के शिक्षण कार्य का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मुंद्रा, कार्यपालन यंत्री पीआईयू श्री रिंकू चौहान, प्राचार्य श्रीमती किरण जैन तथा शिक्षक श्री संतोष लबाना एवं श्रीमती हर्षिता पुरोहित उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

