कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने प्रमुख रूप से निम्नलिखित निर्देश दिए – · खाद्य पदार्थों की जांच: त्योहारों को देखते हुए सभी एसडीएम खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ अपने अनुविभाग में खाद्य प्रतिष्ठानों की निरंतर जांच करें तथा मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। · पानी की अवैध निकासी पर रोक: किसी भी जल स्रोत से पानी की अवैध निकासी नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। इस संबंध में एसडीएम, उप संचालक कृषि एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को निर्देश दिए। · अवैध बिजली कनेक्शन: एमपीईबी अधिकारी अवैध बिजली कनेक्शनों की जांच करें तथा इनके माध्यम से पानी की अवैध निकासी पर रोक लगाएं। · शासकीय स्कूलों का उन्नयन: शिक्षा उपकर की राशि से विद्यालयों में आवश्यक विकास कार्य कराएं तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूरा करें। · नगरीय सुविधाओं का विकास: सभी नगरीय निकाय फूड जोन, मार्केट प्लेस एवं पार्किंग स्थल के लिए भूमि चिन्हित कर विकास की कार्ययोजना बनाएं। साथ ही सिटी फॉरेस्ट, पार्क एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की योजना तैयार करें। · स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों से अतिक्रमण हटाना: जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अतिक्रमण से प्रभावित स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों की रिपोर्ट 15 नवंबर तक प्रस्तुत करें। · छात्रावासों का निरीक्षण एवं उन्नयन: संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग के छात्रावासों का सघन निरीक्षण करें। जर्जर छात्रावासों के नवीनीकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें। · सीएम हेल्पलाइन: कम रैंकिंग वाले विभाग शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर रैंकिंग में सुधार लाएं। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न करें। · अंतरविभागीय प्रकरण: विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों का आपसी समन्वय से प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। · हिट एंड रन प्रकरण: हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा श्रीमती मयूरी जौक, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे , सुश्री श्रुति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

