खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार अक्टूबर 2026 माह के खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अक्टूबर माह का राशन प्राप्त करने से शेष रहे 11,468 पात्र परिवारों को वितरण की बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ मिलेगा। ऐसे सभी हितग्राही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5 नवंबर तक अक्टूबर माह का निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी ने शेष सभी पात्र हितग्राही परिवारों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपनी उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त कर लें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न के लाभ से वंचित न रहें।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

