जिला पंचायत सीईओ ने आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण,पोषण आहार की गुणवत्ता परखीप्रकाश व्यवस्था में लापरवाही पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देशनीमच, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत धनेरिया कला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषण आहार वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। आंगनवाड़ी केंद्र में उचित प्रकाश व्यवस्था नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस लापरवाही के लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षण में उदासीनता बरतने वाली पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश जिला परियोजना अधिकारी को दिए। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधितों के 10 दिवस के वेतन में कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिला पंचायत सीईओ ने केंद्र में दर्ज कुपोषित बच्चों की स्थिति, उनके स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही केंद्र से वितरित किए जा रहे टेक होम राशन के नमूनों का निरीक्षण कर निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुरूप हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।श्री वैष्णव ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केंद्र में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का उचित प्रबंधन करने और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, सीडीपीओ एवं प्रभारी जिला परियोजना अधिकारी श्री इरफान अंसारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

