मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से गांवों में ही हो रहा समस्याओं का समाधानधनेरिया कला में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देशनीमच, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम धनेरिया कला में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए गांव-गांव में जनचौपाल एवं समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी स्वयं गांव में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं। ग्रामीण अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन विभागवार प्रस्तुत कर सकते हैं। जिन प्रकरणों के निराकरण में अधिक समय लगेगा, उन्हें पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गरीबों, किसानों एवं जरूरतमंदों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।आवेदनों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें अधिकारीजिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा ग्राम स्तर की समस्याओं का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान करें।उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव तीन दिवस में निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। जिन प्रकरणों में विस्तृत जांच अथवा अतिरिक्त कार्रवाई की आवश्यकता होगी, उनका सात से दस दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। गांव की सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सीधे आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल कर रहे हैं।सीमांकन, पेंशन, फसल बीमा एवं सड़क संबंधी समस्याओं के आवेदन प्राप्तसमाधान शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक एवं उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।शिविर के पश्चात एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री बास्केट वितरित की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, वनमंडलाधिकारी श्री एस.के.अटोदे, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया, ग्राम पंचायत धनेरिया कला के सरपंच श्री राजेश राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

