भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। इसमें विधानसभा क्षेत्र 228-मनासा, 229-नीमच एवं 230-जावद के कुल 820 मतदान केंद्र शामिल हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एस. कलेश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की जाने वाली गतिविधियों एवं निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की प्रति, निर्वाचक नामावली की मुद्रित प्रति तथा फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा दावा-आपत्ति की अवधि में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र जावद में बनाए गए एक नवीन मतदान केंद्र की जानकारी भी दी गई। 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी 820 मतदान केंद्रों पर निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधन संबंधी दावे-आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अपात्र प्रविष्टि की जानकारी संबंधित बीएलओ को देकर आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराएं। पात्र युवा मतदाता भी कर सकेंगे पंजीयन उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे निर्वाचक नामावली में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। पात्र नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं मतदाता सुविधा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

