नीमच, 6 नवंबर 2026। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य संपूर्ण जिले में किया जा रहा है।इसी क्रम में शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने वाले ग्रामों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हितग्राहियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा स्वामित्व अभिलेख का पंजीयन पूर्ण होने पर उन्हें धनतेरस की शुभकामनाएं दीं। जावद तहसील की ग्राम पंचायत धामनिया के ग्राम गादोला में विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा के मुख्य आतिथ्य एवं एसडीएम जावद श्री संजीव साहू की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने पर हितग्राहियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसी क्रम में नीमच तहसील के ग्राम छायन में विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य तथा अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश एवं एसडीएम नीमच श्री पराग जैन की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां भी शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण होने पर हितग्राहियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मनासा तहसील के पांच ग्रामों अरनियामाली, जेठली , मोखमपुर, तेजपुरिया एवं हमेरपुरिया में भी स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध माधव मारू एवं एसडीएम मनासा श्रीमती मयूरी जोक की उपस्थिति में हितग्राहियों का स्वागत कर उन्हें बधाई एवं धनतेरस की शुभकामनाएं दी गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वामित्व अभिलेख पंजीयन की उपलब्धि को साझा करते हुए हितग्राहियों के साथ खुशियां मनाई गईं।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

