नीमच,30 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्माणाधीन नीमच-सिंगोली मार्ग (SH-07 एवं SH-53) का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। लगभग 85.52 किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन मार्ग की डेंस बिटुमिनस मैकाडम (डीबीएम) लेयर लेइंग कार्य का निरीक्षण किया तथा इसके नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्राम सेमली चंद्रावत में सीमेंट कांक्रीट से निर्मित मार्ग की कोर कटिंग कर मोटाई की जांच की गई। उन्होंने निर्माण सामग्री के नमूने भी निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सीमेंट कांक्रीट मार्ग की सतह असमतल पाए जाने पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं रेक्टिफिकेशन कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही थर्ड पार्टी कंसल्टेंसी को निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी. एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू,कार्यपालन यंत्री पी. आई. यू श्री रिंकू चौहान, सब इंजीनियर एमपीआरडीसी श्री राहुल बर्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

