आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपलियारावजी द्वारा मंगलवार को माध्यमिक विद्यालय बर्डिया जागीर में आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 36 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। शिविर में बच्चों में श्वास संबंधी समस्याओं,खांसी, चर्म रोग, दंत एवं मुख रोग, कान-नाक-गला संबंधी समस्याओं, अग्निमांद्य, अरुचि, उदर रोग तथा अन्य मौसमी बीमारियों की जांच की गई। साथ ही बच्चों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और नियमित दिनचर्या अपनाने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। बच्चों द्वारा आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। शिविर में पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर श्री गोपाल कृष्ण गंधर्व, विद्यालय के प्राचार्य तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

