Ad Ad
Ad Ad

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम सावन में समाधान शिविर संपन्न

रिपोर्टर: mawafirstnews@gmail.com
📅 23 Oct 2026, 12:24 PM
शेयर करें ➦
W f X
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम सावन में समाधान शिविर संपन्न

योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर श्री चंद्रा एसएएम बच्चों की माताओं को वितरित की न्यूट्री बास्केट,हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के प्रदान किए लाभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम सावन में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने के लिए गांवों में जनचौपाल एवं समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से प्रशासन गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। विधायक श्री परिहार ने ग्राम सावन में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रिंग रोड, सामुदायिक भवन, डोम निर्माण एवं बीस भुजा माता मंदिर के जीर्णोद्धार संबंधी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सावन से भादवामाता तक सड़क निर्माण से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिली है। उन्होंने कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों एवं ग्रामीणों से जल संरक्षण करने तथा पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के शिक्षित लोगों को अशिक्षित व्यक्तियों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने गुरुजनों के सम्मान की परंपरा को बनाए रखने पर भी जोर दिया। स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे। यदि किसी हितग्राही को योजना का लाभ मिलने में कठिनाई आ रही है, तो संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई कर उसकी समस्या का निराकरण सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने बताया कि ग्राम सावन में सहकारी समिति, राशन दुकान, विद्यालय एवं अस्पताल सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान खाद-बीज की उपलब्धता, राशन वितरण तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय संस्थाओं में आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता एवं नियमितता सुनिश्चित की जाए। स्वामित्व योजना के संबंध में कलेक्टर ने बताया कि ग्राम सावन का राजस्व नक्शा स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा चुका है। डिजिटल नक्शा प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं, सुझावों एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों को समाधान शिविर में प्रस्तुत करें, ताकि उनका परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण किया जा सके। शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा , आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में गंभीर तीव्र कुपोषण से प्रभावित बच्चों की माताओं को बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री बास्केट वितरित की गईं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत एवं नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव,अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन,डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भायडिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

आपको यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें ➦
W f X
शेयर करें ➦
W f X