उचित मूल्य की दुकान पर गेहूं-चावल की गुणवत्ता और पीओएस मशीन की कार्यप्रणाली भी जांची नीमच, 23 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था, सावन का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण वितरण एवं वसूली सहित संस्था की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने फर्टिलाइजर गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा खाद का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संस्था द्वारा किसानों को वितरित किए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की स्थिति, ऋण वितरण एवं वसूली की समीक्षा की। उन्होंने दुग्ध एवं पशुपालन गतिविधियों से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे ऋण की जानकारी भी ली। साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के वितरण की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने एग्री स्टैक एवं ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किसानों को किए जा रहे खाद वितरण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सहकारी संस्था के कंप्यूटरीकरण की प्रगति का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उचित मूल्य की दुकान का भी किया निरीक्षण कलेक्टर श्री चंद्रा ने सहकारी संस्था द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान, सावन का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही खाद्यान्न सामग्री की स्थिति देखी। उन्होंने गेहूं एवं चावल की गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीओएस मशीन की कार्यप्रणाली भी जांची। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्था के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उर्वरकों का वितरण नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। खाद के स्टॉक का नियमित मिलान एवं उचित संधारण किया जाए, ताकि उपलब्धता और वितरण की स्थिति का सही रिकॉर्ड बना रहे। साथ ही उचित मूल्य की दुकान पर पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी. एस. कलेस, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, जिला नोडल अधिकारी कोऑपरेटिव बैंक श्री राम प्रसाद नागदा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

