नीमच, 17 अक्टूबर 2026। सुप्रसिद्ध आरोग्य तीर्थ श्री महामाया भादवामाता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महाअष्टमी का मुख्य हवन 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को रात्रि 10:30 बजे से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ होगा। इस अवसर पर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना के साथ हवन में आहुतियां अर्पित की जाएंगी।श्री महामाया भादवामाता मंदिर प्रबंध समिति एवं ग्राम पंचायत भादवामाता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाअष्टमी के इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर के मुख्य पुजारियों एवं आचार्यों के सानिध्य में हवन संपन्न होगा। इस दौरान माता जी की विशेष महाआरती भी की जाएगी।महाअष्टमी के अवसर पर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल की आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।मंदिर प्रबंध समिति एवं ग्राम पंचायत भादवामाता ने समस्त श्रद्धालुओं से महाअष्टमी के पावन अवसर पर श्री महामाया भादवामाता के दर्शन करने तथा मुख्य हवन एवं महाआरती में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

