सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जाजू सागर बांध के किनारे शुक्रवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीम, बांस, अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के 1100 पौधे रोपे गए। अभियान के तहत अगले तीन दिनों में कुल 2500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण के साथ जल संरक्षण और पौधों की देखभाल करने का संदेश दिया। नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। वृक्ष हमें शुद्ध हवा देते हैं और पक्षियों को आश्रय प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने, पानी बचाने और बिजली का कम से कम उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। ड्रिप इरिगेशन पद्धति अपनाकर सिंचाई में पानी की बचत भी की जा सकती है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि इस वर्ष कम बारिश के कारण उपलब्ध जल संसाधनों का सावधानीपूर्वक उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने किसानों को कम पानी वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा जलाशयों से अनधिकृत जल दोहन और अवैध पंपिंग रोकने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सभी से पानी बचाने और जल संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्र के विकास में प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। प्रकृति का संतुलन बिगड़ने से बाढ़ और सूखे जैसी आपदाएं आती हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने तथा प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने कहा कि प्रकृति के करीब रहने और हरियाली बढ़ाने से सकारात्मकता का संचार होता है। प्रकृति में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों का भी व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए प्रकृति को समझना और उसका संरक्षण करना आवश्यक है।कार्यक्रम को श्रीमती वन्दना खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, नगर पालिका सभापति श्रीमती छाया जायसवाल, श्री धन सिंह केतवास, श्री हेमंत हरित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

