अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), उपखण्ड मनासा द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान चचौर एवं नलवा के संचालन के लिए पात्र संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शासकीय उचित मूल्य दुकान चचौर(दुकान कोड 4403062) तथा नलवा (दुकान कोड 4403033) का संचालन नियमानुसार पात्र संस्थाओं को सौंपा जाना है। इसके लिए मध्यप्रदेश लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश, 2015 के प्रावधान लागू होंगे। इन दुकानों के संचालन के लिए उपभोक्ता सोसायटी , विपणन सोसायटी, उत्पादक सोसायटी, संसाधन सोसायटी, बहुउद्देशीय सोसायटी एवं प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी संस्था पात्र हैं। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूह तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति भी आवेदन कर सकती हैं। पात्र संस्थाओं के पास अपने पंजीकृत कार्यक्षेत्र में उचित मूल्य की दुकान के संचालन के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन, कार्यशील पूंजी, ऑडिट तथा पर्याप्त भंडारण क्षमता होना आवश्यक है। इच्छुक संस्थाएं राशन मित्र पोर्टल पर 7 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। प्राप्त आवेदनों का तहसील स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। आवेदन के लिए निर्धारित दुकानों में शासकीय उचित मूल्य दुकान चचौर, ग्राम पंचायत चचौर तथा शासकीय उचित मूल्य दुकान नलवा, ग्राम पंचायत नलवा शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मनासा अथवा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के मोबाइल नंबर 9098735090 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

