बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिले की बालिकाओं एवं महिलाओं को पुलिस भर्ती की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए सशक्त वाहिनी कार्यक्रम के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह पहल की जा रही है। प्रशिक्षण में महिला अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिस एवं सुरक्षा बलों में करियर बनाने की इच्छुक महिला अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान करना है। प्रशिक्षण के लिए 18 वर्ष या अधिक आयु की नीमच जिले की मूल निवासी महिलाएं एवं बालिकाएं पात्र होंगी। निर्धारित पुलिस भर्ती के अनुसार शैक्षणिक योग्यता 10वीं/12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ वन स्टॉप सेंटर (सखी), नीमच सिटी रोड, नीमच पर कार्यालयीन समय में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक पंजीयन करा सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 08 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे तक है। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा तथा सीटें सीमित हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय-सीमा में पंजीयन कराने की अपील की गई है।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

