वरिष्ठजनों का ज्ञान और अनुभव समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण : कलेक्टर चंद्रा नीमच, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी परिसर, नीमच में वरिष्ठजनों की गरिमापूर्ण उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान करने के साथ स्वास्थ्य जांच, युवा संवाद, इंटरजेनरेशनल बॉन्डिंग तथा मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि भारतीय परंपरा में बुजुर्गों को ज्ञान,संस्कार और मार्गदर्शन का स्रोत माना गया है। प्राचीन समय में गुरुकुलों में गुरुजन युवाओं को शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों की सीख देते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति में वरिष्ठजनों का अमूल्य योगदान है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उनके अनुभव आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए उपयोगी हैं। श्री परिहार ने कहा कि परिवार में बुजुर्गों की उपस्थिति हमारी संस्कृति और विरासत को मजबूत करती है। वे अपने अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी तक पहुंचाकर उसे आगे बढ़ने की दिशा देते हैं। वरिष्ठजनों से मिले संस्कार व्यक्ति में विनम्रता और संवेदनशीलता का विकास करते हैं। विकसित भारत के निर्माण में भी उनके मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में प्रतिदिन विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि परिवार और समाज को दिशा देने, घर में खुशियों का वातावरण बनाए रखने, संस्कारों को आगे बढ़ाने और समाज को जोड़ने में वरिष्ठजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके ज्ञान और अनुभव का हमारी कार्यशैली पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रही है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। कलेक्टर ने बताया कि रेड क्रॉस कॉम्प्लेक्स का रेनोवेशन कार्य लगातार जारी है और शीघ्र ही यह नए स्वरूप में तैयार होगा। परिसर में वरिष्ठजनों के लिए फिजियोथेरेपी सुविधा, वृद्धाश्रम में बेहतर व्यवस्थाएं और स्किल सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे वरिष्ठजनों सहित अन्य जरूरतमंदों को भी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा एवं जनपद पंचायत नीमच अध्यक्ष श्रीमती शारदा धनगर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अटल वयोवृद्ध योजना के अंतर्गत इंटरजेनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज के संबंध में जानकारी दी गई। शॉल,श्रीफल और माला से वरिष्ठजनों का सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों का विधायक, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद विधायक श्री परिहार एवं कलेक्टर श्री चंद्रा ने वरिष्ठजनों के साथ कैरम खेला तथा वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक शतरंज में भी भाग लिया। स्वास्थ्य जांच के साथ हुआ युवा संवाद अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 92 वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उन्हें आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। वहीं मेरा युवा भारत सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत तन्वी लखेरा एवं दिव्या माली ने वरिष्ठजनों के साथ युवा संवाद किया। संवाद में वरिष्ठजनों के जीवनानुभवों तथा युवाओं के जीवन में उनके मार्गदर्शन के महत्व पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान के साथ पीढ़ियों के बीच संवाद और जुड़ाव का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर, सचिव रेड क्रॉस डॉ. स्वप्निल वाधवा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
स्रोत: जनसंपर्क कार्यालय, नीमच (MPINFO)

